माइनिंग के गड्ढे बने खतरा: विधायक संजीव सरदार ने की मांग- तुरंत भरें अन्यथा हो सकते हैं बड़े हादसे
जेएसएलपीएस कर्मियों के लिए अच्छी खबर, नई एचआर नियमावली जल्द लागू होगी
Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में दो अहम मुद्दे उठाए—पहला, पूर्वी सिंहभूम में स्टोन माइनिंग के बाद छोड़े गए खतरनाक गड्ढे और दूसरा, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी कर्मियों के अधिकार। उन्होंने शून्यकाल में कहा कि जिले में कई जगह माइनिंग के बाद गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। ये गड्ढे अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बारिश में इनमें पानी भर जाता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। विधायक ने साफ कहा कि अगर समय रहते समतलीकरण नहीं हुआ तो बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि लीजधारक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं और गड्ढों को भरने में लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को सख्त कदम उठाना चाहिए। दूसरी ओर, उन्होंने जेएसएलपीएस कर्मियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन्हें लंबे समय से बेहतर सेवा शर्तों का इंतजार है। सरकार ने जवाब में बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ‘संशोधित मॉडल मानव संसाधन नियमावली 2024’ लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नई नियमावली लागू होने पर कर्मियों को वेतन-भत्तों में सुधार, पदोन्नति के मौके और नौकरी में स्थिरता मिलेगी। विधायक की पहल के बाद कर्मियों में उम्मीद बढ़ी है।





