कुकडू में हाथी ने एक को कुचला, गई जान
(फाइल फोटो)
Chandil : रविवार की अहले सुबह करीब 4 बजे सरायकेला – खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड अंतर्गत लेटेमदा गांव के टोला नूतनडीह में एक हाथी ने 50 वर्षीय गौरांग महतो को कुचल कर मार डाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक गौरांग महतो के खलिहान में हाथी के आने की आहट मिलते ही घर से वह धान देखने गया जहां उनका सामना धान को चट कर रहे हाथी से हो गया। जब तक कि वह भागकर अपनी जान बचाने में सफल हो पाते, हाथी ने अपनी सूंड़ से पकड़ कर किसान को कुचल दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुबह में प्रभारी वनपाल राणा प्रताप महतो एवं वनरक्षी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों से सुरक्षा की गुहार लगाई। क्योंकि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार क्षेत्र में उत्पात मचा रहा है। इधर, पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। वन विभाग ने मृतक के परिजन को तत्काल नगद 50 हजार दिया तथा बाकी साढ़े तीन लाख रुपए कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया। बताते हैं कि बीते 25 दिसंबर की अहले सुबह नीमडीह प्रखंड के हुंडरु पाथरडीह के रहने वाले कोकिल सिंह को पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।






























