72 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन से गूंजा पटमदा, भक्ति में डूबे लोग

Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़रा, पटमदा बाजार एवं आगुईडांगरा गांव स्थित सोलहआना हरि मंदिर में मंगलवार अहले सुबह 72 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रारंभ हुआ। साउंड सिस्टम के माध्यम से गूंजती हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि ने चारों दिशाओं को भक्तिमय बना दिया, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। भक्ति के इस पावन आयोजन में गांव का हर कोना आनंद और उल्लास से भर गया। महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी संकीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए। बुधवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन का आनंद लेते रहे।
इस दौरान महिलाओं द्वारा श्रद्धालुओं पर बतासा की वर्षा की गई, जिसने माहौल को और भी भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम ने आपसी प्रेम, एकता और धार्मिक आस्था का सुंदर संदेश दिया। पटमदा बाजार में आयोजित संकीर्तन में पश्चिम बंगाल एवं पटमदा व बोड़ाम क्षेत्र के विभिन्न कीर्तन दल अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं, जिनमें सुबल दास (पाड़ा), गौरांग दास (भालूबासा), नेपाल चंद्र दास (सोनादह), प्रफुल्ल चंद्र दास (बेलडीह), राधागोविंद हरिनाम संप्रदाय (केलियादाग) तथा दोलगोविंद दास (अधिकारी दल) शामिल हैं। इन सभी की भक्ति-भाव से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया है।





