कमलपुर मंडल अध्यक्ष चयन पर विरोध, पुनः चुनाव की उठी मांग
गोपाल चंद्र महतो
Patamda: भारतीय जनता पार्टी द्वारा हाल ही में घोषित मंडल अध्यक्षों की सूची को लेकर विवाद सामने आया है। पटमदा प्रखंड के कमलपुर मंडल में मधुसुदन महतो को अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के बांगुड़दा पंचायत अध्यक्ष गोपाल चंद्र महतो ने इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष को व्हाट्सएप के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि कमलपुर मंडल अध्यक्ष का चयन पुनः पारदर्शी तरीके से कराया जाए।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बिना स्थानीय पदाधिकारियों को विश्वास में लिए ही यह चयन किया गया, जिससे संगठन के अंदर असंतोष बढ़ा है। गोपाल चंद्र महतो ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो इसका असर पार्टी के भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है और संगठनात्मक एकता प्रभावित हो रही है।





