भूनी प्रीमियर लीग 2026 का समापन, पार्थ इलेवन बनी चैंपियन
Patamda: बोड़ाम प्रखंड के भूनी क्रिकेट मैदान में आयोजित तीन दिवसीय भूनी प्रीमियर लीग 2026 का समापन सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। फाइनल मुकाबले में पार्थ इलेवन ने माफी स्ट्राइकर्स को 9 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए माफी स्ट्राइकर्स ने 8 ओवर में 6 विकेट पर 126 रन बनाए। टीम की ओर से मानिक सिंह ने 20 गेंदों में 65 रन और अजय कुमार ने 17 गेंदों में 42 रन की शानदार पारी खेली। पार्थ इलेवन की ओर से केशव गोप ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्थ इलेवन के ओपनर केशव गोप ने 26 गेंदों में नाबाद 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिससे टीम ने 6.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीत दर्ज की।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो के हाथों विजेता को 30 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा उपविजेता को 20 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। केशव गोप को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन, जबकि कपिल मिश्रा को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





