पटमदा में नए थाना प्रभारी से सीओ की शिष्टाचार मुलाकात, क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर
Patamda: पटमदा थाना में 12 मार्च को नए थाना प्रभारी के रूप में योगदान देने वाले अवर निरीक्षक विष्णुचरण भोगता से शनिवार को पटमदा के अंचलाधिकारी (सीओ) डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान थाना प्रभारी के कार्यालय में स्थानीय जिला पार्षद सह पटमदा थाना शांति समिति के अध्यक्ष प्रदीप बेसरा, अंचल निरीक्षक (सीआई) अजय कुमार मुंडा तथा समाजसेवी विश्वनाथ महतो भी मौजूद रहे। सभी ने बुके देकर नए थाना प्रभारी का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान अंचलाधिकारी ने कहा कि पटमदा क्षेत्र सामान्यतः शांतिपूर्ण माना जाता है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व समय-समय पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे में लगातार सतर्क रहकर निगरानी रखना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
नव नियुक्त थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वे सक्रिय रूप से काम करेंगे, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस मौके पर जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।गौरतलब है कि हाल ही में पटमदा साप्ताहिक हाट में हब्बा-डब्बा, जुआ और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अंचलाधिकारी द्वारा टीम भेजकर छापेमारी कराई गई थी और जब्त सामग्रियों को थाना को सौंपते हुए कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। मामले में कार्रवाई नहीं होने और खबर के प्रकाशित होने के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया। इसके बाद उलीडीह थाना में जेएसआई के रूप में पदस्थापित विष्णुचरण भोगता को पटमदा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वे इससे पहले कुचाई में भी थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।





