विधायक संजीव सरदार ने सदन में उठाई तिरिंग काली मंदिर मार्ग चौड़ीकरण की मांग
बनकाटा, पाटापानी, हाड़ियान और कोवाली सड़क जर्जर, दक्षिणी पोटका के लोग परेशान
Potka : पोटका विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क समस्या को लेकर विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा में आवाज उठाई। उन्होंने शून्यकाल के दौरान झारखंड-ओडिशा सीमा स्थित तिरिंग काली मंदिर मुख्य पथ के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण की मांग सरकार से की।
विधायक ने सदन को अवगत कराया कि तिरिंग काली मंदिर के पास मुख्य मार्ग से बनाकाटा, पाटापानी, हाड़ियान और कोवाली तक जाने वाली सड़क काफी जर्जर और संकीर्ण हो चुकी है। इसके कारण दक्षिणी पोटका क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए लाइफ लाइन की तरह है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। संजीव सरदार ने सरकार से मांग की कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और बेहतर आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए, ताकि दक्षिणी पोटका के हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।





