विधायक संजीव सरदार की पहल पर केजीबीवी पोटका की छात्राओं ने किया विधानसभा भ्रमण

31 छात्राओं ने करीब से देखा सदन का संचालन, स्पीकर रबींद्रनाथ महतो से लिया मार्गदर्शन
Potka : पोटका के विधायक संजीव सरदार की पहल पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) पोटका की 31 छात्राओं ने झारखंड विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने विधानसभा परिसर का अवलोकन किया और करीब तीन घंटे तक सदन की कार्यवाही को करीब से देखा। सभी छात्राएं विद्यालय की बाल संसद की सदस्य हैं और इस भ्रमण के माध्यम से उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था और सदन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने देखा कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हैं और उन पर चर्चा कर निर्णय लेते हैं। छात्राओं ने कहा कि विधानसभा की यह शैक्षणिक यात्रा उनके लिए बेहद प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रही। इससे उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
भ्रमण के पश्चात झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने छात्राओं को अपने कक्ष में आमंत्रित कर उनसे बातचीत की और लोकतंत्र की गरिमा, जिम्मेदारियों तथा एक जागरूक नागरिक बनने के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं ज्योति सागर और शुचिता कुमारी भी मौजूद थीं।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे देश की शासन व्यवस्था को समझ सकें और भविष्य में जागरूक नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं विद्यार्थियों के ज्ञान और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।





