चाकुलिया में सियासी हलचल, भाजपा के सक्रिय नेता जगन्नाथ महतो ने पत्नी संग थामा झामुमो का दामन
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया क्षेत्र की राजनीति में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब भाजपा के सक्रिय नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो ने अपनी पत्नी एवं वर्तमान जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण कर ली। रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने औपचारिक रूप से झामुमो का दामन थामा।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने दोनों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन में पूरी जिम्मेदारी और सम्मान देने का भरोसा दिलाया। इस राजनीतिक बदलाव के पीछे कारण बताते हुए जगन्नाथ महतो ने कहा कि वे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार महांती की कार्यशैली और जनहितकारी नीतियों से प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते उन्होंने भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल होने का निर्णय लिया। सूत्रों के अनुसार, जगन्नाथ महतो को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो का करीबी माना जाता रहा है और वे पिछले एक दशक से अधिक समय तक भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में उनका पार्टी छोड़ना भाजपा के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, खासकर चाकुलिया और आसपास के क्षेत्रों में, जहां उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीति में नई समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है और आने वाले समय में इसका असर क्षेत्रीय राजनीतिक संतुलन पर देखने को मिल सकता है।





