सोलर संचालित जलमीनार खराब, डोभा का पानी पीने को मजबूर हैं कांकु गांव के 90 परिवार

Patamda : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे पटमदा प्रखंड की ओड़िया पंचायत के कांकु गांव में लगा सोलर संचालित जलमीनार पिछले एक महीने से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण गांव के 90 परिवार डोभा के पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं। बरसात के मौसम में डोभा का गंदा पानी पीने से ग्रामीणों को बीमारी होने का खतरा बढ़ गया है। जलमीनार खराब होने की जानकारी जलसहिया व स्थानीय मुखिया को दिए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इस संबंध में गांव के श्याम चरण हांसदा, डालिम मुर्मू, निरंजन हांसदा, शंभूनाथ हांसदा व नगेन हांसदा ने बताया कि गांव में अन्य दो चापाकल है लेकिन उसमें भी एक खराब है और दूसरे से गंदा पानी निकलता है। ग्रामीणों के अनुसार गांव से करीब एक किमी दूर बहाल खेत के उस पार बने डोभा से महिलाएं पानी लाकर खाना पकाने से लेकर जरूरत के सभी काम गंदा पानी से ही करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गंदा पानी पीकर गांव के कई लोग बुखार व पेट संबंधी बीमारी की चपेट में आ गए हैं। सबसे अधिक दिक्कत बारिश के दौरान होती है क्योंकि कीचड़ की वजह से बहाल खेत के मेढ़ से पानी लाना महिलाओं के लिए काफी कष्टदायक होता है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सोलर संचालित जलमीनार की मरम्मत करवाने की मांग की है। मामले में पूछने पर पटमदा बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग ने बताया कि इस संबंध में किसी ने कोई जानकारी नहीं दी है।





