मूर्ति अनावरण समारोह में उमड़े लोग, अर्जुन मुंडा समेत हजारों लोगों ने दी कुनू बाबू को श्रद्धांजलि

Jamshedpur: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पाथरा चौक में रविवार को स्वर्गीय द्विजेन कुमार षड़ंगी (कुनू बाबू) की मुर्ति अनावरण समारोह आयोजित हुई। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए। स्वर्गीय द्विजेन कुमार षड़ंगी की मूर्ति पर मुख्य अतिथि समेत तमाम लोगों ने माला पहनाकर श्रद्धांजलि अर्पित किए एवं आत्मा शांति के लिए 2 मिनट मौन रखा गया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कुनू बाबू को समाजसेवी बताते हुए कहा कि वे साइलेंट कर्मी के रूप में समाज की सेवा में निरंतर लगे रहे। एक अधिवक्ता के रूप में वह गरीबों की आवाज बनकर न्यायालय में न्याय दिलाने का काम किया।
पूर्व मुख्यमंत्री मुंडा ने कहा कि विभिन्न स्थानों में कई ऐसे कार्यक्रमों में जाता हूं लेकिन ऐसी भीड़ पहले कभी नहीं देखी, जिस तरीके यहां आज इतनी बड़ी संख्या में लोग आए हैं, यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का सबूत है। कुनु बाबू ने लोगों के हृदय पटल पर अपना स्थान बनाया था। उनसे आखिरी मुलाकात मृत्यु के कुछ दिनों पूर्व हुई थी। शुरुआती दिनों में उनके राजनीतिक गुरु बीजू पटनायक जी रहे, जिनके सानिध्य में उन्होंने समाजसेवा के गुर सीखे। अपनी पढ़ाई पूरी कर वे अपने पैतृक गांव पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित गन्डानाटा आए, जहां उन्होंने मुखिया चुनाव में हिस्सा लेकर विजयी हुए तथा अगले 29 सालों तक मुखिया रहे। इस दौरान क्षेत्र के गरीब तथा वंचितों की आवाज बनकर खड़े हुए। न सिर्फ बहरागोड़ा विधानसभा बल्कि पूरे जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सभी के चहेते बन गए।जनता के साथ खासकर ग्रामीण क्षेत्र तथा आदिवासी क्षेत्र की जनता के साथ वे बहुत आसानी से जुड़ जाते थे। उनके राजनीतिक सफर में सबसे बड़ी शक्ति संथाल समाज थी।
गौरतलब हो कि कुनू बाबू का जन्म 10 नवंबर 1951 को हुआ था तथा उनका निधन 19 दिसंबर 2022 को हुआ था। ओड़िशा के खिचिंग से पत्थर लाकर बहरागोड़ा के मिस्त्री द्वारा स्वर्गीय द्विजेन कुमार षड़ंगी की मूर्ति बनाई गई है। कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष चंडी चरण साहू, सांसद विद्युत वरण महतो के पुत्र कुणाल महतो, स्वर्गीय कनु बाबू की पत्नी सुस्मिता षड़ंगी, पुत्र ऋषि षड़ंगी, पुत्री रुचि षड़ंगी, भाजपा नेता गौरब पुष्टि, प्रबोध रंजन दास, अजय साह, सुनीता देबदूत सोरेन, दिनेश साहू, फूलमानी मुर्मू, राधि मुर्मू, परमेश्वर हेंब्रम, चंद्र मोहन मांडी, आशुतोष मिश्रा, मनोज गिरी, आनंद अग्रवाल, चितरंजन महापात्र, रामनाथ सिंह एवं धनेश्वर मुर्मू समेत हजारों लोग उपस्थित थे।
पिता के कामों को आगे बढ़ा रहे हैं ऋषि षड़ंगी : 25 सालों तक मीडिया इंडस्ट्री में काम करने वाले ऋषि षड़ंगी यहां आने से पहले डिज्नी हॉटस्टार के शीर्ष पद पर काम कर रहे थे परंतु उनके पिता के प्रति लोगों के प्यार और समर्पण को देखकर उनके काम को आगे बढ़ाने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भाजपा से जुड़कर क्षेत्र की जनता के लिए काम कर रहे हैं।





