पटमदा के कई गांवों में मां विषहरी की पूजा आज, बाजारों में बढ़ी चहल पहल

Patamda : बांग्ला सावन की संक्रांति के उपलक्ष्य पर रविवार को पटमदा व बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों में हर साल की भांति इस साल भी हर्षोल्लास के साथ भक्तों द्वारा सर्पों की देवी मां विषहरी (मनसा) की पूजा अर्चना की तैयारी देखी जा रही है। पूजा को लेकर पटमदा, बेलटांड़, बोड़ाम, व काटिन बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। पटमदा के बेलटांड़ चौक में लगने वाले साप्ताहिक हाट में भक्तों द्वारा पूजन सामग्रियों के साथ-साथ बलि के लिए बत्तख व बकरे की खरीदारी की गई। यहां बकरा 3 से 10 हजार तो बत्तख 400 से 700 रुपए तक में बिके।
पटमदा के गोलकाटा, गोपालपुर, बिड़रा, पटमदा बस्ती, जाल्ला, लावा, बेंझाम, रांगाटांड़, बिरखाम, बांसगढ़, सुंदरपुर, कुमीर, बनकुंचिया, राहेड़डीह तथा बोड़ाम प्रखंड के सुसनी, रूपसान, कुईयानी, लावजोड़ा , माधवपुर समेत अन्य कई गांवों में भक्तों द्वारा मां की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत रूप से पूजा अर्चना हेतु हर्षोल्लास का माहौल है। रविवार की देर शाम विभिन्न जलाशयों से भक्तों द्वारा कलश (बारी) लाकर मां मनसा देवी के समक्ष स्थापित की जाएगी। रात्रि में पूजा अर्चना के पश्चात सुबह बलि चढ़ाई जाएगी। रात्रि जागरण के रूप में देर रात विभिन्न गांवों में मनसा मंगल जांत व नाटक का आयोजन किया जाएगा।





