जेएलकेएम की पहल पर धुसरा आवासीय विद्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता, बकाया मानदेय का भुगतान समेत अन्य समस्याओं का हुआ समाधान
Patamda: पटमदा के अनुसूचित जनजाति प्राथमिक आवासीय विद्यालय, धुसरा के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को हो गया। इस संबंध में जेएलकेएम के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने बताया कि मामले को लेकर विद्यालय का संचालन करने वाली संस्था सेवा दुमका ट्रस्ट व शिक्षक – शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता में सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान फिर से सभी का मानदेय निर्धारित करने के साथ ही बकाया राशि का भुगतान फरवरी माह के अंदर ही करने की सहमति बनी। उन्होंने बताया कि स्कूल में बीते 18 वर्षों से कार्यरत शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों को स्कूल का संचालन कर रही सेवा दुमका ट्रस्ट द्वारा बीते 7 माह से मानदेय नहीं दिया गया है और उसकी मांग करने पर शिक्षकों को काम से बैठा दिया गया था जिसका असर बच्चों के पठन-पाठन पर भी पड़ रहा है था। समाचार पत्रों व अन्य माध्यमों में प्रकाशित खबर पर जेएलकेएम की टीम द्वारा संज्ञान लेते हुए विद्यालय में आकर सेवा दुमका के पदाधिकारी के साथ वार्ता कर समस्या का समाधान किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अनिल बास्के, बोड़ाम प्रखंड अध्यक्ष सुभाष चंद्र महतो, जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो व फनी महतो, तपन महतो, महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष पुनम महतो, मृत्युंजय महतो, फुलचंद मुर्मू, श्याम सुंदर महतो, भैरव महतो, प्रवीर महतो, सैकत महतो, दया सागर महतो, सागर महतो, गौरांग महतो एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और शिक्षक उपस्थित थे।