पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
Patamda: पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला की ओर से युवा दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों के बीच शुक्रवार को एक समारोह आयोजित कर कॉलेज परिसर में पुरस्कारों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन के लिए उतना ही जरूरी है। खेल से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा एकाग्रता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी उज्ज्वल करियर बनाया जा सकता है, इसलिए जिन विद्यार्थियों की खेलों में रुचि है, उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला में शासी निकाय के सचिव पद का दायित्व भी निभा रहे हैं और शिक्षा के प्रति विशेष लगाव रखते हैं। किसी भी छात्र-छात्रा को पढ़ाई या अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए उनसे संपर्क करने में संकोच नहीं करना चाहिए।
युवा महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दर्जनों छात्र-छात्राओं को विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, सीआई अजय मुंडा, कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार तथा पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के व्याख्याता विश्वनाथ महतो सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग से शुभम रूहिदास तथा बालिका वर्ग से फूलमणि सोरेन को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के उत्साह और उपलब्धियों ने पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।






























