एक साथ 53 पुलिस अधिकारियों के तबादले, कदमा, पटमदा, चाकुलिया सहित कई थानों में नई तैनाती
Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे ने एक साथ 53 पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस कार्रवाई के तहत कई थाना प्रभारियों समेत इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई रैंक के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, प्रमुख थानों में बदलाव किए गए हैं। कदमा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है, जबकि जादूगोड़ा के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार यादव को कदमा थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह, सीतारामडेरा थाना में तैनात जेएसआई राजेश कुमार को चाकुलिया थाना का प्रभारी बनाया गया है। पटमदा थाना के प्रभारी करमपाल भगत को परसुडीह थाना भेजा गया है, जबकि उलीडीह ओपी से जेएसआई विष्णु चरण भोग्ता को पटमदा का नया प्रभारी बनाया गया है। जुगसलाई थाना में पदस्थापित मुकेश कुमार साव को कोवाली थाना का प्रभारी बनाया गया है।
यातायात पुलिस में भी फेरबदल किया गया है। बिष्टुपुर ट्रैफिक थाना के कामाख्या पासवान और रमेश कुमार पांडेय को साकची यातायात थाना भेजा गया है, जबकि जुगसलाई यातायात थाना के चार अधिकारियों को पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा, कई अधिकारियों को विभिन्न थानों और पुलिस लाइन में सिरिस्ता, चेक पोस्ट और अन्य ड्यूटी के लिए नई पदस्थापना दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह व्यापक फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को नए पदों पर तुरंत योगदान देने का निर्देश जारी कर दिया गया है।





