बांगुड़दा में ओवरटेक के चक्कर में फिल्मी स्टाइल में हुआ सड़क हादसा, बाइक सवार 3 युवक घायल, कार क्षतिग्रस्त

Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांगुड़दा दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार को शाम करीब साढ़े 4 बजे हुई एक सड़क दुघर्टना में एक बाइक पर सवार 3 युवक घायल हो गए। इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शी अबोध कालिंदी ने बताया कि कुईयानी गांव में आयोजित काड़ा (भैंसा) लड़ाई मेला से एक बाइक पर 3 युवक अपने-अपने घर लौट रहे थे।

काटिन बाजार से बांगुड़दा पहुंचते ही एक कार को ओवरटेक करने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य कार से सीधे टकरा गई। बिल्कुल फिल्मी अंदाज में हुई घटना में बाइक कार के बोनट पर चढ़ गई और उसका चालक कार के ऊपर से सड़क किनारे फेंका गया। जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी सड़क के बाहर फेंका गया। घटना में बाइक चालक 23 वर्षीय रोहिन सिंह (माकुला गांव निवासी) के सिर एवं चेहरे पर चोट लगी है, जिससे वह लहूलुहान हो गया। जबकि उसके साथी 30 वर्षीय शिशिर महतो (तालाडीह, पश्चिम बंगाल) एवं 29 वर्षीय गौरांगो मुदी (गेंगाड़ा) को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद ग्राम प्रधान अश्विनी सिंह समेत काफी संख्या में लोग पहुंचे और घायलों की मदद हेतु पुलिस को सूचित किया।

घटनास्थल पर पहुंची कमलपुर पुलिस ने घायलों को थाने की जीप पर बिठाकर पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया जबकि दोनों वाहनों को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है। सीएचसी में डॉ. प्रशांत रंजन ने घायलों की चिकित्सा के उपरांत गंभीर रूप से घायल रोहिन सिंह को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया है। इस संबंध में झामुमो नेता अबोध कालिंदी ने बताया कि मां दुर्गा की कृपा से ही तीनों युवकों की जान बच गई अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। बताते हैं कि कार पर 2 लोग सवार थे और पुरुलिया से जमशेदपुर लौट रहे थे। इस घटना में बाइक सुरक्षित है जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।





