बढ़ती ठंड के बीच प्रशासन ने की चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था

Patamda : पटमदा व बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र में शीतलहरी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने से लोग ठिठुर रहे हैं। अत्यधिक ठंड को देखते हुए पटमदा सीओ डॉ. राजेन्द्र कुमार दास व बोड़ाम सीओ रंजीत कुमार रंजन ने क्षेत्र के जन बहुल चौक चौराहों पर अलाव जलाने हेतु लकड़ी की व्यवस्था करवा दिए हैं। शाम होते ही अलाव जलने से लोगों को काफी राहत मिल रही है। बोड़ाम सीओ के अनुसार बोड़ाम थाना क्षेत्र के बोड़ाम हाट तोला, हाथीखेदा मंदिर, बड़ासुसनी चौक, डिमुडीह चौक, भादूडीह चौक, भुइयांसिनान व भूला मोड़ में प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था की जाती है। जिसमें बोड़ाम हाट तोला एवं डिमुडीह चौक पर अलाव जलाना शुरू कर दिया गया है। जबकि बाकी बचे चार जगहों पर कल से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित पंचायत के राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है।
पटमदा सीओ ने बताया कि पटमदा प्रखंड अंतर्गत बेलटांड़ बाजार, काटिन बाजार व कांकीडीह महुलतल में अलाव की व्यवस्था की गई है। इसमें चौकीदार परी सिंह, सम्पा महतो, सुरेश हांसदा, सीमा महतो एवं तपती महतो आदि ने मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि अलाव जलने से जमशेदपुर से काम कर अपने घर लौट रहे दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा फायदा होता है। उन्होंने भीषण ठंड को देखते हुए बेवजह घर से नहीं निकलने की सलाह दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन की ओर से अब तक कंबल का वितरण भी नहीं किया गया है। जिससे गरीब असहाय एवं बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द कंबल उपलब्ध कराने की मांग प्रखंड प्रशासन से की है।




