पहली किस्त लेकर काम शुरू नहीं करने वाले लाभुक चिन्हित, डीडीसी का सख्त निर्देश: एक सप्ताह में करवाएं प्लिंथ का निर्माण

पटमदा में बैठक कर योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने का दिया निर्देश, क्षेत्र भ्रमण कर किया योजनाओं का निरीक्षण
Patamda: जिले के नवनियुक्त उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने पहली बार पटमदा प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने खेडुआ ग्राम पंचायत में अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना और मनरेगा के तहत कूप निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की तथा अपूर्ण योजनाओं को तय समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के पूर्व उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय सभागार में एक बैठक की, जिसमें उन्होंने अबुआ आवास योजना और मनरेगा योजना की प्रगति की समीक्षा की। अबुआ आवास योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान होने के पश्चात 60 या उससे अधिक दिनों से लम्बित प्लिंथ, लिंटर एवं पूर्ण आवास का जियो टैग जल्द पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया। वैसे लाभुक जिन्होंने पहली किस्त की राशि लेकर भी प्लिंथ तक नहीं बना सके हैं, उनके घरों को चिन्हित किया गया है। सभी पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सेवक को ऐसे 50-50 लाभुकों की जिम्मेदारी सौंपी गई और 7 दिन के अंदर प्लिंथ तक का निर्माण पूरा कराने का निदेश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि तय समय में काम नहीं हुआ, तो संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं नागरिकों के हित को देखकर संचालित की जाती हैं, इसलिए इनका पारदर्शी और समय पर क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों जैसे मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्यों से भी योजनाओं को पूर्ण कराने में सहयोग लेने एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने की बात कही।
मौके पर प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, मनरेगाबीपीओ बंधु कुशल महतो, जिला समन्वयक आवास, जिला प्रशिक्षण समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्राम रोजगार सेवक, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य आदि उपस्थित थे।





