भाजपा नेता प्रदीप महतो ने हेमंत सोरेन पर साधा निशाना, कहा: अगर अटल जी नहीं होते तो आप मुख्यमंत्री नहीं बनते
Patamda: झारखंड सरकार द्वारा गुरुवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक के दौरान अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक करने के निर्णय का भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष सह पटमदा के हुरूम्बिल गांव निवासी प्रदीप कुमार महतो ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर अटल बिहारी वाजपेयी नहीं होते तो शायद आज हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री नहीं बन पाते।
भाजपा नेता ने कहा कि नाम बदलने से पहले मुख्यमंत्री को यह बात सोचनी और समझनी चाहिए थी कि अगर अटल जी नहीं होते तो शायद उनके (हेमंत सोरेन) गुरुजी पिता को वर्षों आंदोलन करना पड़ता। आज वह जिस कांग्रेस और राजद के साथ गठबंधन की सरकार चला रहे हैं वही कांग्रेस और राजद की सरकारों ने गुरुजी शिबू सोरेन के आंदोलन को कुचलने का काम किया था। जबकि अलग झारखंड राज्य का गठन करके अटल जी ने यहां की जनता को तोहफा देने एवं गुरुजी के आंदोलन को सम्मान देने का काम किया। भाजपा नेता ने कहा कि नाम बदलना आपका विशेषाधिकार है लेकिन एक ऐसे महापुरुष का नाम को बदला गया जो न सिर्फ देश के प्रधानमंत्री थे बल्कि एक राष्ट्र निर्माता भी थे। देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अंत्योदय व अन्नपूर्णा योजना एवं गरीबों की पहचान आदि कई महत्वपूर्ण योजनाएं अटल जी की देन हैं, उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही देश में भूखमरी कम हुई और गांवों से लेकर शहरों तक का विकास हुआ है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार वोट बैंक की खातिर शुरू से ही तुष्टिकरण की राजनीति करती आ रही है जो भविष्य में उनके लिए आत्मघाती कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि अगर मदर टेरेसा का नाम रखना ही था तो किसी दूसरी योजना में रख सकते थे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हेमंत सोरेन सरकार जल्द से जल्द अपने इस निर्णय को वापस नहीं लेती है तो राज्यभर में इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।





