फ्लाईओवर निर्माण एवं अतिक्रमण से एनएच 18 हुई संकीर्ण, दुर्घटना में वृद्धि से चिंतित बाबा तिलका माझी संघर्ष समिति करेगी आंदोलन

Jamshedpur: बाबा तिलका माझी संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बालीगुमा में पूर्व जिला परिषद सदस्य पिंटू दत्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मौके पर पिंटू दत्ता ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सड़क अत्यंत संकीर्ण हो गई है एवं ट्रांसपोर्टरों और ट्रक मालिकों द्वारा सड़क किनारे की जा रही भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं।
बैठक का संचालन करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मदन मोहन सोरेन ने कहा कि बाबा तिलका माझी चौक, डिमना में ठेला और झोपड़ीनुमा दुकानों के अतिक्रमण से मुख्य सड़क और अधिक संकीर्ण हो गई है, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। मदन मोहन ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि बाबा तिलका माझी चौक अब असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है, जहां खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसकी चपेट में स्थानीय युवा भी आ रहे हैं, जो समाज के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि नए एमजीएम अस्पताल के सामने वाहन जांच के नाम पर आम नागरिकों, विशेष रूप से आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहुंचने से रोका जा रहा है।
बैठक में कई अन्य प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही जिला प्रशासन को इन सभी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। वर्तमान में बाबा तिलका माझी संघर्ष समिति के प्रभारी के रूप में पिंटू दत्ता, मदन मोहन सोरेन और दीपक मुर्मू को दायित्व सौंपा गया। मौके पर माझी बाबा दीपक मुर्मू, सुखलाल टुडू, राखाल सोरेन, पप्पू सोरेन, होंदा दास, चमन सिंह, अभिषेक सिंह, कृष्णा हांसदा, सनातन हांसदा, रंजीत दे, दिनेश लोहरा, सुनील हांसदा व दिकू मुर्मू आदि उपस्थित थे।





