घाटशिला उपचुनाव मतगणना: गालूडीह से शुरू 5वें राउंड तक घाटशिला टाउन की गिनती, पहले राउंड में जेएलकेएम को उत्साहजनक वोट

Jamshedpur: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जमशेदपुर कॉपरेटिव कॉलेज में शुक्रवार को सुबह 8 बजे शुरू हुई। 300 बूथों वाले घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती 15 टेबलों में की जा रही है जो 20 राउंड तक चलेगी। पहले राउंड में गालूडीह थाना क्षेत्र के मतों की गिनती हुई। इस क्षेत्र में अनुमान के मुताबिक कुड़मी मतदाताओं का समर्थन झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के प्रत्याशी रामदास मुर्मू को मिली। यही वजह है कि पहले राउंड की गिनती के बाद झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन को 5450, जेएलकेएम को रामदास मुर्मू को 3286 एवं भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 2204 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार देखा जाय तो जेएलकेएम के रामदास मुर्मू भाजपा के बाबूलाल से आगे निकल गए थे जबकि दूसरे राउंड की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी दूसरे नंबर पर पहुंच गया।

सोमेश चंद्र सोरेन को 10919, बाबूलाल को 5465 एवं रामदास मुर्मू को 4972 मत प्राप्त हुए। तीसरे राउंड की गिनती के बाद सोमेश चंद्र सोरेन को 16110, बाबूलाल सोरेन को 8569 जबकि रामदास मुर्मू को 5278 मत प्राप्त हुए हैं। चौथे राउंड में घाटशिला टाउन क्षेत्र के आधे से अधिक बूथों की गिनती के बाद झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन को 20026, भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 12612 एवं जेएलकेएम के रामदास मुर्मू को 5481 मत प्राप्त हुए हैं। चौथे राउंड की गिनती पूरा होने के बाद झामुमो को भाजपा से 7414 की बढ़त मिली है। 5वें राउंड तक शहरी क्षेत्र की गिनती होगी एवं उसके बाद दामपाड़ा क्षेत्र के वोटों की गिनती की जानी है।


आठवें चक्र की मतगणना के बाद जेएमएम प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के बाबूलाल सोरेन से 11,280 मतों से आगे चल रहे हैं। सोमेश को 39,163 जबकि बाबूलाल को 27,883 और जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू को 6,903 मत प्राप्त हुए हैं।





