कांकू गांव में पेयजल समस्या को लेकर जेएलकेएम ने डीसी और बीडीओ से की समाधान की मांग
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत ओड़िया पंचायत के आदिवासी बहुल कांकू गांव का जलमीनार खराब होने एवं 90 परिवारों के समक्ष जल संकट की समस्या उत्पन्न होने की खबर बुधवार को विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को एक्स पर ट्वीट करते हुए एवं व्हाट्सएप में भेजकर समाधान की मांग की है। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी टैग किया है। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि गांव के लोग डोभा का पानी पीने को मजबूर हैं इसलिए यथाशीघ्र जलमीनार की मरम्मत कराई जाए।
उन्होंने बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग से दूरभाष पर बात की तो तत्काल मिस्त्री भेजकर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया लेकिन देर शाम तक मरम्मत नहीं हो पाई थी। (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर अखबार में प्रकाशित होने के बाद जुगसलाई विधायक मगंल कालिंदी ने भी मामले में गंभीरता दिखाई है। उन्होंने पटमदा प्रखंड प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू से दूरभाष पर बात करते हुए बीडीओ के माध्यम से समस्या का समाधान हेतु बातचीत करने का निर्देश दिया। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने भी बीडीओ से समाधान का आग्रह किया है।





