पटमदा मंडल की कमान कृष्णपद सिंह को, बोड़ाम में सनातन दास और कमलपुर में मधुसूदन महतो बने अध्यक्ष
Patamda: जमशेदपुर महानगर भाजपा ने शुक्रवार को संगठनात्मक विस्तार के तहत पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम मंडल समेत कुल सात मंडलों में नए अध्यक्षों की घोषणा की। इनमें घोड़ाबांधा, पोटका, कोवाली और आसनबनी मंडल भी शामिल हैं।
पटमदा मंडल अध्यक्ष के रूप में कृष्णपद सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लगभग ढाई दशक से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे कृष्णपद सिंह संगठन में दो बार मंडल उपाध्यक्ष, दो बार महामंत्री और एक बार किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। करीब 44 वर्षीय कृष्णपद सिंह को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में सक्रिय भूमिका के कारण यह जिम्मेदारी दी गई है।
कृष्णपद सिंह वर्तमान में लच्छीपुर पंचायत के मुखिया हैं और मुखिया संघ पटमदा के अध्यक्ष भी हैं। उनके परिवार को लगातार तीसरी बार पंचायत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है, जो क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। पार्टी द्वारा उनके नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाइयां मिलने लगीं। नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष कृष्णपद सिंह ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देती है। उन्होंने पार्टी के जिला नेतृत्व से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक के प्रति आभार जताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
वहीं, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष के रूप में बेलडीह निवासी एवं पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष सनातन दास को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कमलपुर मंडल अध्यक्ष के रूप में खिजुरडीह निवासी युवा एवं सक्रिय कार्यकर्ता मधुसूदन महतो को नियुक्त किया गया है।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने बताया कि पार्टी ने सभी मंडलों में समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है, जिससे संगठन में उत्साह और मजबूती दोनों बढ़ेगी।





