दुर्गा पूजा के दौरान रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई

Patamda: दुर्गा पूजा त्योहार को लेकर गुरुवार को पटमदा थाना में बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों के अलावा सभी 9 दुर्गा पूजा समितियों से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। मौके पर बीडीओ ने कहा कि सभी पूजा समिति युवाओं को भी अपने साथ जोड़ें और उन्हें जिम्मेदारी दें ताकि बेहतर ढंग से कार्यक्रम संचालित हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर चलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने एवं फेक मैसेज को फॉरवर्ड नहीं करने की सलाह दी।
इंस्पेक्टर गुलाम रब्बानी खान ने कहा कि पटमदा शुरू से ही शांतिप्रिय इलाका रहा है और यहां दुर्गा पूजा मनाने का इतिहास भी काफी अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि वे जनता की जरूरतों पर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने कहा कि पूजा के दौरान रैश ड्राइविंग करते पकड़े जाने पर बाइकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गुटखा एवं तम्बाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने जर्जर सड़क व खराब चापाकलों की मरम्मत करवाने, पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में शांति समिति अध्यक्ष सह जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, केंद्रीय सदस्य सुभाष कर्मकार व रामकृष्ण महतो ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान मुख्य रूप से मुखिया परमेश्वर सिंह, रूपेण सिंह, ईशान चंद्र गोप, विजय कुमार मंडल, शरत सिंह सरदार, भवानी कांत दास, सुधीर मांडी, तरणि सिंह, अयोध्या सिंह, बेलू सिंह, बृंदावन दास व दिवाकर टुडू आदि मौजूद थे।
बोड़ाम थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न

Patamda: बोड़ाम थाना प्रांगण में दुर्गा पूजा के मद्देनजर गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी किकू महतो की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान अंचलाधिकारी रंजीत रंजन, पुलिस निरीक्षक गुलाम रब्बानी खान, थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार, प्रखंड प्रमुख ललिता सिंह, शांति समिति सदस्यों में माणिक चंद्र महतो, मेनका किस्कू, प्रबोध कुमार महतो, वनमाली बनर्जी व किशनलाल महतो आदि मौजूद थे। मौके पर बीडीओ ने उपस्थित सदस्यों एवं पूजा समिति के पदाधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन से अवगत कराया एवं उसका पालन करते हुए दुर्गा पूजा का त्योहार मनाने की अपील की। उपस्थित लोगों ने विभिन्न समस्याओं को रखते हुए उसके समाधान की मांग की।





