जर्जर स्कूल, टूटी सड़कें और अस्पताल की बदहाली दूर करने की मांग पर उपायुक्त को ज्ञापन
Patamda: पटमदा प्रखंड के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कल्याणकारी योजनाओं की बदहाल स्थिति से त्रस्त हैं और अब आश्वासन नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई हेतु आवाज उठने लगी है। मंगलवार को जमशेदपुर में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो ने विभिन्न मुद्दे पर जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर स्थिति पटमदा मॉडल इंग्लिश स्कूल की है। नया भवन बामनी में बनकर तैयार होने के बावजूद संचालन अब तक उधार के पुराने जर्जर भवन में ही हो रहा है। छत और दीवारों से प्लास्टर झड़ने से बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों की भावनाओं से उपायुक्त को अवगत कराते हुए विश्वनाथ ने प्रशासन से तत्काल नए भवन में कक्षाएं शुरू कराने व स्टाफ-फर्नीचर भी उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित तीन डॉक्टर वर्षों से प्रतिनियुक्ति पर बाहर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी अनुपस्थिति से सैकड़ों मरीज इलाज से वंचित हो रहे हैं। सड़कें भी बदहाल हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी बामनी-गोबरघुसी-सारी सड़क एक वर्ष में ही उखड़ गई है। उन्होंने गुणवत्ता की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अन्य ग्रामीण मार्गों की मरम्मत के लिए टाटा कंपनी से स्लैग उपलब्ध कराने की मांग की है। जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में विलंब और मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद/सेवा योजना का लाभ न मिलने की शिकायतें भी ग्रामीणों ने उठाई हैं। सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो और चंदन महतो ने उपायुक्त से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और जनकल्याण योजनाओं में सुधार हेतु त्वरित कार्रवाई की मांग की है।





