काटिन-दांदूडीह सड़क निर्माण को सांसद ने दिलाई स्वीकृति, खुशी में भाजपाइयों ने बांटे लड्डू
Patamda: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के लंबे प्रयास के बाद सेंट्रल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) से
काटिन चौक से हुड़ूम्बिल भाया सामरजोबड़ा से दांदूडीह तक लगभग 19 किमी की एक अति महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है। पटमदा प्रखंड के दर्जनों गांवों को प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाली इस सड़क के निर्माण हेतु 57.84 करोड़ की राशि केंद्र सरकार से आवंटित की गई है।
इस संबंध में भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष सह हुड़ूम्बिल निवासी प्रदीप कुमार महतो ने बताया कि स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है। उन्होंने बताया कि सांसद विद्युत वरण महतो के अथक प्रयास से जनता को यह तोहफा मिला है। इधर भाजपा नेता प्रदीप कुमार महतो के नेतृत्व में काटिन चौक, गोपालपुर व काश्मार आदि गांवों में लड्डू का वितरण किया गया।
इस संबंध में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जनहित के कार्यों को समर्पित नरेंद्र मोदी की सरकार और अपने बेहतरीन कार्यों के लिए परिचित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सेंट्रल रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड से इस महत्वपूर्ण सड़क की स्वीकृति दी गयी है। 19.135 किमी सड़क निर्माण कार्य हेतु 57 करोड़ 84 लाख रु की राशि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य की पूरी प्राक्कलन राशि केंद्र सरकार द्वारा भुगतान की जाएगी। लड्डू वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदीप कुमार महतो, संदीप मिश्रा, कृपा सिंधु महतो, प्रधान महतो, चतुर नारायण मिश्रा, मुरारी मोहन पाल, बीरबल महतो, सुरेश केडिया, किसान महतो, उपेन माझी, गंगाधर सिंह, सहदेव महतो, सुदर्शन महतो व मधुसूदन महतो आदि उपस्थित थे।