द्वारीडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पूर्व पारा शिक्षक तापस हालदार को दी गई समारोह पूर्वक विदाई

Patamda: उत्क्रमित मध्य विद्यालय द्वारीडीह के पारा शिक्षक तापस हालदार की नियुक्ति सहायक आचार्य के रूप में होने के उपरांत मंगलवार को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान-सह-विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर एसएमसी के अध्यक्ष एवं सभी सदस्य, माता समिति, ग्राम प्रधान एवं वार्ड मेंबर सहित दर्जनों अभिभावक उपस्थित हुए।
बतौर मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान शेख अनवर ने पारा शिक्षक के रूप में 20 वर्षों के सेवाकाल के दौरान तापस हालदार द्वारा विद्यालय के विकास में किए गए योगदान का उल्लेख करते हुए खूब प्रशंसा की एवं नई पारी की शुभकामनाएं भी दी। प्रधान शिक्षक सुखेदु कुमार मांडी ने कहा कि इस विद्यालय के प्रति तापस बाबू का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। मौके पर ग्रामीणों, बच्चों तथा विद्यालय परिवार के सदस्यों ने फूलमाला एवं उपहार से अपने पूर्व शिक्षक को लाद दिया। अंत में तापस हालदार ने कहा विगत 20 वर्षों से उन्होंने इस विद्यालय में जो भी शिक्षादान का काम किया है उसके लिए गांव के लोगों एवं विद्यालय परिवार का सहयोग ही सबसे बड़ा कारण है। कार्यक्रम का संचालन गांव के युवा शिक्षाविद सनोज अंसारी ने किया।

समारोह में मुख्य रूप से प्रधान शिक्षक सुखेंदु कुमार मांडी, सहायक शिक्षक सरोज कुमार मंडल, पारा शिक्षिका पद्मा वाला सिंह, एसएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह एवं अन्य विद्यालयों के शिक्षक फिरोज हुसैन, संजीव कुमार दास, पंचानन महतो एवं सीआरपी विश्वनाथ महतो समेत 100 से अधिक लोग उपस्थित हुए।
विदाई समारोह के पूर्व जमशेदपुर से आए दुआ फाउंडेशन के सदस्यों ने बच्चों को नए वस्त्र उपहार स्वरूप बांटे। समाजसेवी अशफाक नूर, समीर खान एवं मौशीन खान ने कहा कि वे लोग बीच-बीच में जरूरतमंद लोगों के बीच जाकर कपड़ा आदि का वितरण करते रहते हैं। उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने के लिए शिक्षक तापस हालदार की प्रशंसा की।





