पटमदा में योगाभ्यास के साथ मनाया गया 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Patamda : एसएस प्लस टू हाई स्कूल, पटमदा में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने योग को विद्यार्थी जीवन में आवश्यक बताया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य विवेक त्रिपाठी द्वारा किया गया, जिन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को भुजंगासन, मुंडक पाषाणासन, सूर्य नमस्कार, वृक्षासन आदि अनेक योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यालय के खेल शिक्षक महेश कुमार द्विवेदी ने “योग क्या है?” विषय पर विद्यार्थियों को सरल शब्दों में योग के मूल सिद्धांतों और उपयोगिता को समझाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र दास ने कहा, “आप चाहे कितना भी बुद्धिमान हो जाएं, यदि मन शांत नहीं है तो उसका कोई लाभ नहीं। योग ही एक ऐसा माध्यम है जो मन और शरीर के बीच संतुलन स्थापित करता है तथा व्यक्ति को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक होता है।” विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा, “हमारे पूर्वज श्रमशील एवं अनुशासित जीवन जीते थे, इसलिए वे स्वस्थ और दीर्घायु होते थे। आज की पीढ़ी कम उम्र में ही तनाव और बीमारियों का शिकार हो रही है, जिसका एकमात्र समाधान योग है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
आयुष चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार पाल ने भी योग के चिकित्सीय लाभों पर प्रकाश डाला और युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए नियमित योग करें।
चौरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय में मनाया गया योग दिवस

11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शनिवार को पटमदा के चौरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में योग प्रशिक्षक संतोष कुमार सिंह के द्वारा उपस्थित बच्चों को सुबह करीब 6:30 वजे से योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के मनाया गया। मौके पर सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, लिपिक एवं छात्र – छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, पद्मासन, वक्रासन त्रिकोणासन, सर्वांगासन, पश्चिमोत्तानासन, चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन व उष्ट्रासन आदि आसनों का अभ्यास किया गया।
पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला में मनाया गया योग दिवस

पटमदा डिग्री कॉलेज जाल्ला के प्रांगण में शनिवार को एनएसएस के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने वृक्षासन, ताड़ासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, हलासन आदि आसन तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार आदि किए। इसमें कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, एनएसएस पीओ तथा कॉलेज के शिक्षक शिक्षिकाएं आदि ने भी अंश ग्रहण किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस वालंटियर संगीता महतो, चम्पा महतो, रेणुका सिंह, नवीन महतो, जितेन्द्र नाथ, दीपक मुदी, रामधन मुदी, बिजेन हेंब्रम व असित महतो ने मुख्य भूमिका निभाई।
प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय माचा में भव्य आयोजन

प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, माचा पटमदा में शुक्रवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रियंका झा और अरविंद कुमार के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे विद्यार्थियों के जीवन में आत्मिक और बौद्धिक विकास का आधार बताया। विशेष रूप से ध्यान और मेडिटेशन के माध्यम से पढ़ाई में एकाग्रता कैसे बढ़ाई जाए, इस पर चर्चा की गई। योग सत्र का संचालन योगाचार्य अरविंद कुमार ने किया (मुंगेर के अंतरराष्ट्रीय योग संस्थान से योग विज्ञान का प्रशिक्षण प्राप्त)। उन्होंने छात्राओं को सूर्य नमस्कार, सिंहासन, तितली आसन, अर्धचक्रासन और भुजंगासन सहित कई उपयोगी आसनों का अभ्यास कराया और उनके लाभ भी बताए।





