आदिम खेरवाल रूसिका गायान महल बसंतपुर को मिला संथाली ड्रामा में पहला पुरस्कार

Patamda: जोहार बिदु चांदान मार्शल माडवा की ओर से हूल माहा के अवसर पर पटमदा के लावा टोला सालबनी में आयोजित दो दिवसीय संथाली ड्रामा प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार को हो गया। इसमें पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत बोरो थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव से आए कलाकारों की टीम को पहला पुरस्कार के रूप में 10 हजार की राशि बतौर मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने दिया।
इस संबंध में चंद्रशेखर टुडू ने बताया कि आदिम खेरवाल रूसिका गायान महल बसंतपुर ने सान्ताड़ हूल नामक ड्रामा के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने बताया कि सुनील कुमार मांडी के नेतृत्व में टीम ने सिदो – कान्हु, फूलो- झानो, चांद – भैरव के संघर्षों की कहानी को बहुत ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा व वनपाल जितेंद्र मुर्मू ने कमेटी के अध्यक्ष कालीराम सोरेन, भानु हेंब्रम व सिजेन हेंब्रम के साथ संयुक्त रूप से अन्य 6 टीमों को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। इसमें दूसरा स्थान लांगतिति गायान महल धोगोड़ा पुंचा, तीसरा मान दिशोम एसएस ड्रामाटिक क्लब झगड़ाडीह, चौथा नावा सागेन सानाम ड्रामाटिक क्लब आमबेड़ा, पांचवां जेबीएबीएसएस गांवता गड़बन, बराबाजार एवं छठा स्थान बिदु चांदान गायान गांवता पश्चिम बराबाजार ने प्राप्त किया।




