पपीता की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, उद्यान विभाग करेगा मदद
Jamshedpur: खेती से मुंह मोड़ रहे किसानों को कम समय में अच्छी आय के लिए पपीते की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिले के करीब 500 से अधिक किसान इससे लाभान्वित होंगे। मौसम और बाजार में अच्छा मुनाफा नहीं होने के कारण जिले में किसानों की कृषि के प्रति अरुचि देखते हुए विभाग उन्हें अधिक मुनाफा दिलाकर खेती से जोड़े रखने का प्रयास कर रहा है।
इस क्रम में उन्हें कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने के उद्येश्य से विभाग द्वारा किसानों को पपीता की खेती कराई जाएगी। इसके लिए उन्हें पपीता के पौधे को बढ़ावा देने के लिए पैसा भी दिया जाएगा। इसके लिए किसान द्वारा ही पौधे भी तैयार किए जाएंगे और उन्हीं के यहां से अन्य किसानों को पौधा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस बार जिले के किसानों को करीब 55 हजार पपीता के पौधे दिए जाएंगे। जिला उद्यान पदाधिकारी अनिमा लकड़ा ने बताया कि कुछ महीने में पौधा तैयार होकर फल देने लगता है, जिसे किसान बाजार में जाकर आसानी से बेच सकेंगे। इससे किसानों को कम समय में ही अधिक मुनाफा भी होगा।
मौसम में थोड़े बहुत बदलाव से इसके फसल पर कोई खास बदलाव भी नहीं आएगा। जानकारों के अनुसार, एक पेड़ में करीब 40 किलो तक पपीता का उत्पादन हो जाता है। ऐसे में किसान एक-एक पेड़ से अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। हरी सब्जी की तरह एक ही दिन में पपीता खराब भी नहीं होगा। खास बात है कि कच्चा और पक्का पपीता भी बाजार में आसानी से बेचा जा सकता है।