एक अदद पुलिया के अभाव में बारिश के दौरान आवागमन हो जाता है बंद, खोकरो के ग्रामीणों का दर्द

Patamda: बोड़ाम प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत खोकरो गांव में बारिश के दौरान पहाड़ी नाले का पानी रास्ते पर लगातार बहने लगी है इससे ग्रामीण सड़क का अस्तित्व ही खत्म हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार यह नाला दलमा की पहाड़ी से निकला है और बरसात के दिनों में अत्यधिक बहाव के कारण पानी सड़क पर आ जाता है। यहां काफी समय से एक पुलिया के निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन अब तक नहीं बनने से लोग परेशान हैं।
मुखिया अजब सिंह का कहना है कि खोकरो गांव के करीब 150 परिवार के लोगों के लिए बरसात के मौसम में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। भारी बारिश के दौरान आवागमन बंद हो जाता है। नाला के दोनों छोर में टोला बसा हुआ है। मुखिया ने कहा कि इस नाला में पुलिया निर्माण करना बहुत ही आवश्यक हो गया है क्योंकि स्कूली बच्चों को विद्यालय आने -जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खोकरो गांव के दोनों टोले हासाडीह और बाधाडीह में 100 से 150 परिवार रहते हैं। ग्रामीणों में फूलचांद सिंह सरदार, जनार्दन सिंह सरदार, माधव सिंह, सुखदेव सिंह, लेदू सिंह, सावित्री सिंह व जानकी सिंह ने विधायक, सांसद और प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिया निर्माण करने की मांग की है।





