भाजपा के बयान पर झामुमो का पलटवार, सुभाष कर्मकार ने कहा : भाजपा की चली तो सभी जीवित नेताओं के नाम पर बना देंगे योजना
Patamda: अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक करने के झारखंड सरकार के निर्णय के खिलाफ पटमदा निवासी भाजपा नेता प्रदीप कुमार महतो के विरोध पर झामुमो ने भी पलटवार किया है। इस संबंध में झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा नेता को मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलना शोभा नहीं देता है, ऐसा करके वे अपने ही प्रधानमंत्री एवं भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों को शर्मिंदा कर रहे हैं, जिनके नाम अब तक सबसे अधिक नाम बदलने का रिकॉर्ड बना है।
उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि महागठबंधन सरकार ने नोबल पुरस्कार से सम्मानित मदर टेरेसा के नाम इसलिए योजना का नामकरण किया ताकि जनता की सेवा करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को उनसे प्रेरणा मिल सके। कर्मकार ने कहा कि मदर टेरेसा ने पूरे भारतवर्ष की जनता के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देते हुए अपना जीवन गुजार दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की चली तो अपने हर जीवित नेताओं के नाम सरकारी योजनाओं का नामकरण कर सकती है। उन्होंने गुजरात के एक स्टेडियम का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के इशारे पर गुजरात सरकार ने सरदार पटेल स्टेडियम का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी के नाम करते हुए एक अमर व्यक्तित्व को नीचा दिखाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वही भाजपा ने गुजरात के वडोदरा के पास नर्मदा नदी के एक द्वीप पर करीब 200 मीटर ऊंची प्रतिमा बनाई और इसे दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बताकर प्रचार किया। स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का नाम देकर कहा कि सरदार पटेल को भाजपा ने सम्मान दिया लेकिन ठीक 3 वर्षों के बाद स्टेडियम का नाम बदलकर लौह पुरुष के नाम से प्रसिद्ध सरदार बल्लभ भाई पटेल के साथ धोखा किया।





