पटमदा के खेड़ुआ में निर्माणाधीन सड़क का विधायक प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत बामनी मुख्य सड़क से घोषडीह, खेड़ुआ होते हुए पाथरडीह नाला तक का निर्माण कार्य ठेकेदार ने अधूरा छोड़ रखा है जो लगातार बारिश के कारण जानलेवा बन गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर गुरुवार को निरीक्षण करने पहुंचे पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने इसे गंभीर समस्या मानते हुए तत्काल विभागीय कनीय अभियंता शिशिर कुमार से दूरभाष पर बात की।
उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब योजना के तहत अन्य हिस्से की ढलाई का काम लगभग पूरा हो चुका है तो नाला के किनारे पूर्व से ही जर्जर हो चुकी सड़क का निर्माण कार्य क्यों बंद है। जेई शिशिर कुमार ने आश्वासन दिया कि आज ही ठेकेदार को निर्देश देते हुए तत्काल राहत दिलाने के लिए स्लैग डलवाने को कहेंगे ताकि ग्रामीणों को दिक्कत नहीं हो। मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार एवं खेड़ुआ निवासी विमल कुमार मंडल मौजूद थे।





