एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में ओलंपिक दिवस का आयोजन

Patamda: एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में ओलंपिक दिवस के अवसर पर सोमवार को विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मैराथन दौड़, 100 रिले दौड़, स्लो साइकिल रेसिंग, बोरा दौड़, निबंध लेखन, स्लोगन राइटिंग, पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सभी प्रतियोगिताएं विद्यालय के चारों हाउस के बीच संपन्न हुईं। क्विज, पेंटिंग एवं नारे लेखन प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमंत प्रमाणिक, खेल गतिविधि डाक्टर प्रामाणिक एवं अभिजीत पाल द्वारा किया गया जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता रिक्ता मिर्धा, गणेश महतो एवं श्वेता कुमारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सभी गतिविधि में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 25 जून को शिक्षक अभिभावक संगोष्ठी में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पटमदा डिग्री कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शालिग्राम मिश्र, राजनीति विज्ञान के अध्यक्ष डॉ. गौतम गोराई एवं अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अभिराम महतो उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और कहा कि खेलों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है और स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन का सृजन होता है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि आज हम ओलंपिक दिवस मना रहे हैं, जो खेलों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और उत्साह का प्रतीक है। ओलंपिक खेल हमें न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हैं बल्कि हमें अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना की भी शिक्षा देते हैं। ओलंपिक दिवस का उद्देश्य दुनिया भर में खेलों को बढ़ावा देना और लोगों को शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है । यह दिन हमें ओलंपिक मूल्य उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान को अपने और अपने जीवन में उतारने का अवसर प्रदान करता है।





