मुसाबनी-कोईमा सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता की कमी, बनने के साथ उखड़ने लगी पिच

Gurabanda (S. Kumar) : मुसाबनी से डुमरिया होते हुए कोईमा बॉर्डर तक सड़क की मरम्मत के कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क से नयी पिच लगाने के बाद एक-दो दिन में उखड़ रही है। सड़क पर बिखरी गिट्टी से दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई है। पथ निर्माण विभाग द्वारा संवेदक केके बिल्डर्स के माध्यम से मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।
मुसाबनी प्रखंड के पारुलिया, गुड़ाबांदा प्रखंड के कासियाबेड़ा, हातियापाटा और गुड़ाबांदा चौक पर नवनिर्मित सड़क उखड़ गई है। पिच उखड़ने के कारण सड़क पर गिट्टी जमा हो गई है। जिस स्थान पर मोड़ मौजूद हैं वैसे जगह पर सड़क खतरनाक हो गई है। बिखरे हुए गिट्टी के कारण वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं। हातियापाटा के पप्पू श्यामल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कार्यकारी एजेंसी के सुपरवाइजर को सड़क गुणवत्ता मानक के अनुरूप करने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद संवेदक मनमानी कर रहा है। सड़क गुणवत्ता की शिकायत पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं से की गई है।




