एसएस प्लस टू ने आदिवासी प्लस टू को 33 रन से हराया
Patamda: एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा के मैदान में बुधवार को प्रातःकालीन सत्र में आदिवासी +2 उच्च विद्यालय बांगुड़दा एवं एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा के शिक्षकों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से 12–12 ओवर का फ्रैंडली क्रिकेट मैच खेला गया।
इस रोमांचक मुकाबले में एसएस +2 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 रनों से जीत हासिल की। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का उत्कृष्ट परिचय दिया। इस मैच में अभिजीत पाल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 37 रन बनाए तथा 2 महत्वपूर्ण विकेट भी लिए।विजेता टीम को ट्रॉफी, रनर-अप टीम को भी ट्रॉफी तथा मैन ऑफ द मैच का मेडल डॉ. मिथिलेश कुमार के द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. मिथिलेश कुमार ने सभी शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। जब शिक्षक स्वस्थ रहेंगे तभी वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को जीवन में स्वास्थ्य एवं सौहार्द का महत्वपूर्ण माध्यम बताया । इस बीच दोनों विद्यालय के दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे।





