कितापाठ देवस्थान को पर्यटक स्थल बनाने की मांग सदन में उठी
Patamda: जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने झारखंड विधानसभा के षष्ठम सत्र के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल के दौरान बुधवार को पटमदा प्रखंड के गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत बाटालुका स्थित प्रसिद्ध कितापाठ देवस्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग सदन में उठाई।
सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक ने कहा कि चारों ओर पहाड़ियों से घिरा कितापाठ देवस्थान प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर एक अत्यंत मनोरम स्थल है। यहां धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक पर्यटन की भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस स्थल को योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाता है, तो इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी। विधायक मंगल कालिंदी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार से कितापाठ देवस्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की।





