पटमदा के बूढ़ीगोड़ा से सारी निर्माणाधीन सड़क बनी जानलेवा, वाहनों का आवागमन हुआ बंद

Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत गोबरघुसी पंचायत के बूढ़ीगोड़ा से सारी गांव तक 1.9 किमी सड़क का निर्माण कार्य पिछले करीब 4 माह से जारी है, लेकिन किसी कारणवश अधूरी होने की वजह से अब मुसीबत बन गई है। सारी गांव के प्राणकृष्ण सिंह ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है जिसके कारण बरसात में पिछले करीब डेढ़ माह से वाहनों का आवागमन बंद हो गया है और कीचड़ की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
प्राणकृष्ण बताते हैं कि सारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय के शिक्षकों को बूढ़ीगोड़ा हाट तोला में बाइक छोड़कर पैदल विद्यालय तक जाना पड़ता है। जबकि गांव के अधिकांश लोग भी बाइक या चारपहिया वाहनों को दूसरे जगहों पर ही रखने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि दो दिनों पूर्व उनकी कार में प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए घर से निकालकर जैसे ही तालाब के पास पहुंचे तो कीचड़ में फंस गई। इसके बाद कार को निकालने के क्रम में एक सामान क्षतिग्रस्त होने पर उन्हें 17 हजार का नुकसान हो गया। उन्होंने मांग किया कि तत्काल इस सड़क पर डस्ट या स्लैग डलवाकर चलने लायक बना देना चाहिए। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि शुक्रवार को वे गांव का दौरा करेंगे और विभागीय जेई से बात करते हुए तत्काल राहत दिलाने की मांग करेंगे।





