पटमदा मुख्य सड़क से हटाए जाएंगे अनावश्यक स्पीड ब्रेकर, सामाजिक कार्यकर्ता के आवेदन पर उपायुक्त का आश्वासन
Patamda : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर जगह-जगह बनाए गए अनावश्यक स्पीड ब्रेकर को हटाने एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो ने जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिलकर सोमवार को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें डिमना लेक मार्ग पर लगातार बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने व वाहन चालकों को प्रशिक्षित करने के लिए स्थायी प्रशिक्षण केंद्र खोलने आदि की मांग की गई है।
इससे पूर्व पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड में जनहित के मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करने पर उपायुक्त का आभार जताते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। विश्वनाथ ने बताया कि अतिरिक्त स्पीड ब्रेकरों से आमजन, स्कूली बच्चे और वाहन चालक परेशान हैं। इसके अलावा अनावश्यक स्पीड ब्रेकर की वजह से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। डिमना लेक मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है व पर्यटकों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। चार पहिया वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की बेहतर जानकारी देने के लिए क्षेत्र में स्थायी प्रशिक्षण केंद्र की भी मांग की गई हैं। वहीं सड़क को सुरक्षित व सुगम बनाने हेतु पटमदा रोड पर ट्रैफिक पुलिस चेकिंग प्वाइंट का स्थानांतरण की मांग की गई।
विश्वनाथ के अनुसार उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच कराने के पश्चात अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाए जाएंगे। मौके पर विश्वनाथ महतो, सुधांशु बानुआर, मनोज कुमार महतो, पापु महतो व दिनेश महतो आदि उपस्थित थे।





