डांगा में उपमुखिया ने पकड़ा जहरीला नाग, जंगल में सुरक्षित छोड़ा
Patamda: पटमदा प्रखंड के बिड़रा पंचायत अंतर्गत डांगा गांव में बुधवार सुबह एक जहरीला नाग सांप दिखाई देने से कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई की तत्परता से सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे कमलपुर थाना के आगे दांतिया जुड़िया के पास सड़क पार करते समय स्थानीय लोगों की नजर एक नाग सांप पर पड़ी।
लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिड़रा पंचायत के उपमुखिया गोपाल गोराई को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर डिब्बे में सुरक्षित बंद कर लिया। सांप को देखने के लिए आसपास के लोगों की काफी भीड़ जुट गई। बाद में गोपाल गोराई सांप को लेकर माचा जंगल पहुंचे और उसे सुरक्षित रूप से प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। इस दौरान राखाल महतो, शुभेंदु महतो एवं दीपक समेत कई ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।





