जल, जंगल, जमीन और अस्तित्व को बचाने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत : महाबीर मुर्मू
Jamshedpur : मंगलवार को मानगो क्षेत्र के बालीगुमा स्थित बाबा तिलका माझी स्टेडियम में देश के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद बाबा तिलका माझी की 275 वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस मौके पर बाबा तिलका एवेन आखड़ा की ओर से आयोजित वार्षिक संस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता महाबीर मुर्मू शामिल हुए।
मुर्मू ने वीर शहीद बाबा तिलका माझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। मौके पर महाबीर मुर्मू ने कहा कि बाबा तिलका माझी भारत के पहले स्वतंत्रता सेनानी थे और उन्होंने 1771 से 1784 तक अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व किया। बाबा तिलका हमारे जल, जंगल, जमीन और संस्कृति को बचाने के लिए शहीद हो गये। मुर्मू ने कहा कि आज भी हमारे जल जंगल जमीन और भाषा -संस्कृति को बचाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा तभी हमारा अस्तित्व बचेगा।
इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत भी किया गया। पुरस्कार विवरणी इस प्रकार है: बालक वर्ग के 100 मीटर दौड़ में प्रथम समीर टुडू (डिमना), द्वितीय चंदन सिंह (तुरियाबेड़ा), तृतीय सागेन मुर्मू (बालीगुमा)। बालिका वर्ग के 100 मीटर दौड़ में क्रमशः संध्या रानी बास्के (डिमना), शैली हेम्ब्रम (डिमना) व रूपाली सोरेन (बालीगुमा)। मेढ़क रेस में क्रमशः पवन मार्डी (बालीगुमा), सागेन मुर्मू (बा) व अजय सोरेन(बालीगुमा)। हंडी फोड़ में अनीता मुर्मू (देवघर) को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो नेता फतेह चांद टुडू, रमेश मुर्मू, मोहन हांसदा, लुगु हांसदा, भागीरथ सोरेन, ठाकुर दास मुर्मू, हाडीराम सोरेन, सुधीर मुर्मू, सुनाराम टुडू, पप्पू सोरेन, विश्वनाथ मुर्मू, निर्मल, रॉबिन मुर्मू, शीतल व नागेन्द्र हांसदा आदि उपस्थित थे।