पटमदा में भव्य सामूहिक उपनयन संस्कार, 23 बालकों ने वैदिक विधि से धारण किया जनेऊ

Patamda: वैष्णव बैरागी समिति, पटमदा–बोड़ाम प्रखंड कमेटी की ओर से शुक्रवार को लावा गांव में सामूहिक उपनयन संस्कार सह सामाजिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 23 बालकों ने विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ जनेऊ धारण किया। सुबह 9 बजे कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सभी बालकों का मुंडन एवं अन्य धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न कराई गईं। मंडप में पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उपनयन संस्कार सम्पन्न कराया गया। अनुष्ठान के उपरांत विभिन्न समुदायों के 23 परिवार के लोगों ने उपवास में रहकर भिक्षादान की परंपरा निभाई।
इस आयोजन में पटमदा, बोड़ाम, नीमडीह, चांडिल, आदित्यपुर, जमशेदपुर सहित पश्चिम बंगाल के बराबाजार, बांदोवान आदि क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान हरिनाम संकीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मुख्य अतिथि जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि वैष्णव बैरागी समिति द्वारा आयोजित सामूहिक उपनयन संस्कार कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है, जो संसाधनों के अभाव में अपने बच्चों का उपनयन संस्कार समय पर नहीं करवा पाते। उन्होंने कहा कि वे 2023 से ही इस आयोजन से जुड़े रहे हैं और आगे भी समिति के साथ सहयोग करते रहेंगे।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि हिंदू धर्म में वैष्णव समाज के बालकों का उपनयन संस्कार अत्यंत महत्वपूर्ण संस्कार है। जरूरतमंदों की सेवा के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायक है। मौके पर विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, सुभाष कर्मकार, अश्विनी महतो, कालीपद महतो, शंभू दास, पूर्व सैनिक वीरेंद्र प्रताप सिंह, जगदीश प्रसाद मंडल, संतोष कुमार सिंह, ईशान चंद्र गोप सहित समिति के अध्यक्ष बृंदावन दास, अश्विनी दास, गोपी दास, उज्ज्वल कांति दास, शिवराम दास, अमर दास गोस्वामी, कांचन दास, मिहिर दास, हृदय कुंभकार व सुभाष दास एवं अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।





