डांगडुंग में अधूरे बहुउद्देश्यीय भवन की जांच करने गांव पहुंची टीम, कार्रवाई का आश्वासन
सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत की ट्वीट पर डीसी ने दिया था जांच का आदेश
Patamda : बोड़ाम प्रखंड के डांगडुंग गांव में अधूरे बहुउद्देश्यीय भवन के हैंडओवर को लेकर उठे विवाद के बाद बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच कमिटी गांव पहुंची। बारहा दिशोम जाहेर कमिटी चिरूघुटु के सदस्यों की मौजूदगी में निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने जाहेर कमिटी के अध्यक्ष जयपाल मुर्मू की उपस्थिति में ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने सभी समस्याओं को स्पष्ट रूप से जांच टीम के समक्ष रखा। जांच कमेंटी ने पूरे भवन का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के आरोपों को सही पाया। भवन की स्थिति देखकर कमिटी ने स्वीकार किया कि निर्माण अधूरा है और इसे इस अवस्था में उपयोग के योग्य नहीं माना जा सकता।
जांच कमेटी ने ग्रामीणों और जाहेर कमिटी को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी और जो भी काम अधूरे हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। यह मामला तब प्रमुखता से सामने आया जब सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत ने सोशल मीडिया पर डीसी ईस्ट सिंहभूम को टैग करते हुए भवन की वास्तविक स्थिति की जानकारी साझा की। उनके ट्वीट में अख़बार की कटिंग भी शामिल थी, जिसमें ग्रामीणों की शिकायतें दर्ज थीं। शिकायत पर संज्ञान लेते ही डीसी ने परियोजना निदेशक आईटडीए को तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद आज कमेटी गांव पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसमें जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद एवं अन्य पदाधिकारी शामिल थे।





