पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस के गांव में भाजपा कार्यकर्ता को जलाकर मारने का प्रयास, जांच में जुटी पुलिस
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुईयानी पंचायत के मुचीडीह गांव स्थित भाजपा कार्यकर्ता पद्मलोचन महतो के घर में 10 अप्रैल की रात को घर में पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का मामला प्रकाश में आया है।
पद्मलोचन को आशंका है कि उसे जान मारने की नीयत से अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके घर में आग लगाई गई थी। घर के बाहर आंगन में मौजूद फूस की छावनी वाले चबूतरे (बैठक खाना) में किसी ने रात को 12 बजे के बाद पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इसकी जानकारी मिलनेे पर वह जब नींद से जागा और कमरे से निकला तो पेट्रोल का गंध आने लगा। इस दौरान देखा कि चबूतरे के छत की मोटी-मोटी लकड़ियां जल रही थी। गनीमत है कि उस दिन बारिश के कारण आग तेजी से फैल नहीं पाई अन्यथा पूरे परिवार को इसकी कीमत चुकानी पड़ती। उन्होंने 11 अप्रैल को भाजपा के बोड़ाम मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी के साथ बोड़ाम थाना जाकर इसकी लिखित शिकायत करते हुए जांच करने एवं दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजपा कार्यकर्ता पद्मलोचन का कहना है कि उनके द्वारा शोर मचाने पर पड़ोस के लोग तुरंत पहुंचे और घर में लगी आग को बुझाया। हालांकि इस घटना में कबूतर पालने के लिए लगाये गये 12 हंडी में मौजूद कबूतर के चूजे एवं अंडे नष्ट हो गए तथा चबूतरे के छत की पुरानी लकड़ी आदि जलकर राख हो गया। उनका घर राज्य के पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस के घर से महज 300 मीटर की दूरी पर है। इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पद्मलोचन के मुताबिक उसका किसी के साथ कोई विवाद भी नहीं है इसके बावजूद ऐसी घटना क्यों और कैसे हुई, जांच के बाद ही बता सकते हैं। मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी ने बताया कि पद्मलोचन महतो भाजपा के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं और उनके साथ हुई घटना निंदनीय है। इसकी जांच पुलिस से करने की मांग की गई है। अगर जल्द से जल्द मामले का खुलासा नहीं की जाती है तो पार्टी की ओर से आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।