बुद्धिजीवी मंच ने पटमदा में प्रतिभावान बच्चों को किया सम्मानित, राजकुमार सिंह ने कहा: अनुशासित और समर्पित होकर करें पढ़ाई, सफलता निश्चित

Patamda : शनिवार को बुद्धिजीवी मंच पटमदा की ओर से झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ भवन बेलटांड़ में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि यह बहुत ही खुशी की बात है कि पटमदा में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति देखने को मिल रही है और यहां के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल दर्जा हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनुशासित एवं समर्पित ढंग से पढ़ाई करने की जरूरत है जिससे सफलता निश्चित है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद छात्र – छात्राओं की पढ़ाई में हर संभव मदद किया जाएगा।

समाजसेवी सह इंजीनियर हाराधन महतो ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपनी बेटी अर्पिता की सफलता की कहानी बताते हुए बच्चों को प्रेरित किया। जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा ने बच्चों से कहा कि आपलोग अपना लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें, बुद्धिजीवी मंच हमेशा आपका साथ रहेगा। थाना प्रभारी करमपाल भगत ने कहा कि जिस तरह से छात्रवृत्ति की परीक्षा के लिए मेहनत करते हुए सफलता प्राप्त किए हैं इसे बरकरार रखने की जरूरत है, भविष्य में नई ऊंचाइयों को छूने से कोई नहीं रोक सकता। इंटर कॉलेज जाल्ला के प्राचार्य अरुण कुमार ने कहा कि बच्चे अपने अभिभावकों के सपनों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से मेहनत करें। जगदीश प्रसाद मंडल ने कहा कि यह आयोजन बच्चों का उत्साहवर्धन के लिए है और अपना करियर निर्माण के लिए और अधिक लगन और जुनून के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने बुद्धिजीवी मंच के इस कार्यक्रम की प्रशंसा की।
मौके पर नीट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर चुकी अर्पिता महतो ने बच्चों को अपनी सफलता का राज बताते हुए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने की जरूरत है। कहा कि नीट की तैयारी के दौरान उन्होंने कहीं घूमना – फिरना भी बंद कर दिया था। इस दौरान राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल हो चुके पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के 40 से अधिक बच्चों को पाठ्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। जबकि मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल कर चुकी बोड़ाम की अर्पिता महतो, इंटर में टॉपर रह चुके एवं बीएचयू में स्नातक की पढ़ाई कर रहे छात्र मनोज महतो एवं जेईई मेंस में सफल पटमदा के उत्तम कुमार सिंह को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में बुद्धिजीवी मंच पटमदा के अध्यक्ष गोपाल कुमार, सचिव कल्याण कुमार गोराई, कोषाध्यक्ष विजय कुमार मंडल, मिहिर कुमार प्रमाणिक, निताई चंद्र गोराई, रवींद्र नाथ सिंह व बृंदावन महतो आदि का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन निताई चंद्र गोराई एवं धन्यवाद ज्ञापन मिहिर कुमार प्रमाणिक ने किया।





