दीपावली में नये पटाखा विक्रेताओं को नहीं मिलेगा लाइसेंस
Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा दीपावली 2025 के अवसर पर पटाखा विक्रेताओं को अस्थायी अनुज्ञप्ति निर्गत करने की अनुमति दी गई है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि यह अनुमति सुसंगत नियमों एवं प्रावधानों के अधीन होगी। आदेश में कहा गया है कि गत वर्ष जिन पटाखा विक्रेताओं को अस्थायी अनुज्ञप्ति प्रदान की गई थी, उन्हीं से अनुमति जारी की जाएगी और किसी नए पटाखा विक्रेता को इस वर्ष अनुमति नहीं दी जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उपचुनाव और दीपावली पर्व की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पटाखा विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति निर्गत करें। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय से न केवल दीपावली के अवसर पर पटाखों की बिक्री व्यवस्थित और नियंत्रित रूप से होगी, बल्कि उपचुनाव के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता भी सुनिश्चित रहेगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि पटाखा विक्रेता सभी स्थानीय नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करेंगे।





