नानक साईं फाउंडेशन के उपाध्यक्ष बनाए गए प्रीतम सिंह भाटिया, 25 मार्च को शिरडी में होगा साईं भक्त सम्मेलन
Jamshedpur: सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों से जुड़े युवा पत्रकार प्रीतम सिंह भाटिया को नानक साईं फाउंडेशन का केंद्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। फाउंडेशन के अध्यक्ष पंढरीनाथ बोकारे ने पत्र जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
श्री बोकारे ने बताया कि प्रीतम सिंह भाटिया के सामाजिक, धार्मिक और पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर विभिन्न सामाजिक और पत्रकार संगठनों की ओर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। प्रीतम सिंह भाटिया वर्तमान में ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव होने के साथ-साथ झारखंड ऑब्जर्वर के संपादक भी हैं। उनके मनोनयन पर साईं मानव सेवा ट्रस्ट, रंगरेटा महासभा, साईं धाम ट्रस्ट, साईं सेवा ट्रस्ट सहित कई संस्थाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। बताते हैं कि संस्था का मुख्यालय और प्रमुख कार्यक्षेत्र महाराष्ट्र के हुजूर साहिब नांदेड़ में स्थित है, जो गुरु गोविंद सिंह की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। अब तक संस्था की गतिविधियां महाराष्ट्र, पंजाब और नई दिल्ली तक सीमित थीं, लेकिन अब इसे बिहार और झारखंड तक विस्तारित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सेवा और आध्यात्मिक गतिविधियों को पहुंचाया जा सके।
रामनवमी पर शिरडी में होगा साईं भक्त सम्मेलन
नवनियुक्त केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह भाटिया ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को रामनवमी के अवसर पर महाराष्ट्र के शिरडी में साईं भक्त सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में दिल्ली, महाराष्ट्र और झारखंड से बड़ी संख्या में साईं भक्तों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की सफलता और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नानक साईं फाउंडेशन, साईं मानव सेवा ट्रस्ट, साईं सेवा ट्रस्ट और साईं धाम ट्रस्ट समेत कई संस्थाएं मिलकर तैयारी कर रही हैं।





