भिलाई पहाड़ी में दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करेंगी सूरजमणि सोरेन, होंगे कई सांस्कृतिक कार्यक्रम
Jamshedpur: जमशेदपुर शहर से सटे एमजीएम थाना अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र भिलाई पहाड़ी हाट बाजार मैदान में दुर्गा पूजा उत्सव हर वर्ष की भांति इस वर्ष धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही है। श्री श्री सार्वजनिन पूजा समिति भिलाई पहाड़ी के महासचिव पिंटू दत्ता ने बताया कि षष्ठी से महानवमी तक प्रत्येक शाम धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जमशेदपुर के अलावा पश्चिम बंगाल के कलाकारों द्वारा संगीत, नृत्य एवं अन्य कलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। षष्ठी के दिन 28 सितंबर को भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन पूर्व मंत्री स्व रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमणि सोरेन द्वारा फीता काट कर किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो नेता सोमेश सोरेन उपस्थित होंगे।
उद्घाटन के पश्चात बारगोड़ा, पश्चिम बंगाल की टीम द्वारा मेलोडी क्वीन ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति दी जाएगी। 29 को सप्तमी के दिन कोलकाता के दीपक शील एंड टीम द्वारा भक्ति गीत एवं बाउल संगीत की प्रस्तुति, 30 को महाष्टमी के दिन उत्तर 24 परगना की दीपश्विता दासी एंड टीम के द्वारा श्री श्री गौउर गोपाल श्रीमद्भागवत एवं लीला कीर्तन की प्रस्तुति एवं 1 अक्तूबर को बांकुड़ा के स्वराज राय एंड भास्कर राय की टीम द्वारा शाम 6 बजे से भक्ति संगीत व गजल की प्रस्तुति तथा रात्रि 9 बजे से आरवीडी ग्रुप एवं मंदिरा ग्रुप का डांस धमाका कार्यक्रम होगा। दत्ता ने बताया कि 19 वां वर्ष के रूप में विविध कार्यक्रमों का आयोजन होगा और इसमें हर वर्ष की भांति शहर और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्र से हजारों की संख्या में श्रद्धालु व दर्शक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सप्तमी से महानवमी तक प्रत्येक दिन हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया जाता है।





