पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला के सचिव बने विश्वनाथ सिंह सरदार, अंदर पढ़ें विस्तृत रिपोर्ट
Patamda: पटमदा कॉलेज जाल्ला के संस्थापक सदस्य एवं टाटा स्टील के अधिकारी रह चुके बोड़ाम प्रखंड के रूपसान गांव निवासी विश्वनाथ सिंह सरदार पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला के नए सचिव बनाए गए हैं। वह इस कॉलेज में शुरुआत के दिनों में 4 सालों तक शिक्षक के रूप में सेवा दे चुके हैं।
इस संबंध में विश्वनाथ सिंह सरदार ने बराभूम दर्पण से विशेष बातचीत के क्रम में कहा कि 1984 में जब वह कॉपरेटिव कॉलेज में स्नातकोत्तर (अंग्रेजी) की पढ़ाई कर रहे थे तब शिक्षकों की कमी के कारण इंटर कॉलेज जाल्ला में अंग्रेजी का क्लास लेना शुरू किया जो 4 वर्षों तक चला। जनवरी 1988 में जब टीआईएसएस मुंबई में एमएसडब्ल्यू की पढ़ाई हेतु चयनित हुए तो यहां पढ़ाना छोड़ दिया। इसके बाद 1991 में टाटा स्टील में योगदान दिया। नवंबर 2019 में वीआरएस लेने के पश्चात 2021 से 2024 तक जनजातीय सलाहकार परिषद, झारखंड सरकार के सदस्य के रूप में सेवा दिए। वह रूपसान गांव के घाटवाल भी हैं। पटमदा इंटर कॉलेज जाल्ला में शासी निकाय के सदस्य चुने जाने के बाद गुरुवार को योगदान दिया और पद संभालते ही पिछले 8 माह से लंबित मानदेय का भुगतान कर दिया गया। इससे शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में खुशी की लहर है। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र के शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।





