राज्य स्तरीय राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में पटमदा के 4 विद्यार्थियों का चयन
अलोका रानी महतो
ज्योति कुमारी
Patamda: झारखंड शिक्षा परियोजना, जमशेदपुर की ओर से शुक्रवार को सीएम उत्कृष्ट विद्यालय बीपीएम बर्मामाइंस में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर -17 बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय पटमदा (माचा) की छात्रा अलोका रानी महतो, एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय पटमदा की छात्रा ज्योति कुमारी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा के छात्र दुर्योधन महतो एवं पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पटमदा (बांगुड़दा) की छात्रा भाविनी महतो ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
दुर्योधन महतो
भाविनी महतो
इन चारों छात्र-छात्राओं को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय योग ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। सभी छात्र – छात्राएं 19 मई को ही जिला मुख्यालय से रांची के लिए रवाना होंगे और 20 मई को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद कार्यालय, रांची में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय माचा की प्रधानाध्यापिका प्रियंका झा ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार के बताए गए योगाभ्यास की मदद से अलोका रानी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। वह पटमदा बस्ती की रहने वाली छात्रा है।
एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि उनके विद्यालय की लावा गांव निवासी छात्रा ज्योति कुमारी पर हमें गर्व है और उम्मीद है कि वह राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा के प्रधानाध्यापक नीतीश चंद्रवंशी ने बताया कि योग गुरु सह चौरा हाइस्कूल के सहायक शिक्षक संतोष कुमार सिंह द्वारा कराए जाने वाले बेहतर योगाभ्यास की बदौलत उनके छात्र दुर्योधन महतो को जिले में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है और अब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पटमदा की छात्रा भाविनी महतो के प्रदर्शन से प्रिंसिपल रजनी मुर्मू भी प्रसन्न हैं और उन्होंने भाविनी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।